Enter your keyword

post

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में बूथ समितियां की गई जमा

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में बूथ समितियां की गई जमा

लखनऊ 30 सितम्बर 2019, प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक चुनावों की प्रक्रिया तेज हो गई है। पार्टी के संगठनात्मक चुनाव के प्रथम चरण में बूथ समिति निर्वाचन का कार्य पूरा होने के बाद आज विभिन्न जिलों से आये जिला चुनाव अधिकारियों व सहचुनाव अधिकारियों ने नव निर्वाचित बूथ अध्यक्षों व निर्वाचित बूथ समितियों की सूची प्रदेश संगठन चुनाव अधिकारी आशुतोष टण्डन गोपाल को सौंपी। आज पार्टी के राज्य मुख्यालय पर बूथ अध्यक्षों के चुनाव सम्पन्न कराने के बाद विभिन्न जिलों से आये चुनाव अधिकारियों से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने संगठनात्मक चुनावों को लेकर अब तक पूर्ण हुई प्रक्रिया के विषय में जानकारी ली। इस अवसर पर प्रदेश के संगठन चुनाव अधिकारी आशुतोष टण्डन गोपाल, सहचुनाव अधिकारी व प्रदेश मंत्री त्रयम्बक त्रिपाठी व वाई.पी. सिंह और प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक भी मौजूद रहे।

प्रदेश के संगठन चुनाव अधिकारी व कैबिनेट मंत्री आशुतोष टण्डन गोपाल ने संगठनात्मक चुनाव को लेकर कहा कि प्रदेश में कुल 1 लाख 63 हजार 331 बूथों में से 1 लाख 49 हजार 841 बूथों पर पार्टी ने 31 हजार 655 सेक्टर, मण्डल व जिला चुनाव अधिकारी व सह चुनाव अधिकारियों के माध्यम से चुनाव प्रक्रिया को पूर्ण कर लिया है और बूथ समितियों का निर्वाचन द्वारा गठन हो चुका है। प्रदेश में बूथ चुनाव की प्रक्रिया 18 से 24 सितम्बर तक सम्पन्न हुई। प्रदेश में विधानसभा उपचुनाव के कारण शेष बूथों पर चुनाव प्रक्रिया सम्पन्न नहीं करायी गई है। विधानसभा उपचुनाव के बाद पार्टी बचे हुए बूथों पर निर्वाचन की प्रक्रिया प्रारम्भ करेगी।

श्री टण्डन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनैतिक दल है और इसके साथ ही भारत का एक मात्र ऐसा राजनैतिक दल है जिसमें आन्तरिक लोकतंत्र है। भाजपा में नियत समय पर सदस्यता व सक्रिय सदस्यता होती है तथा नियत समय पर संगठन के चुनाव होते है। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल के निर्देशन में पार्टी ने बूथ अध्यक्ष व बूथ समितियों का गठन चुनाव के द्वारा कर लिया है। पूरे प्रदेश में लोगों में अपार उत्साह है और राष्ट्रवादी विचारधारा वाले कर्मठ लोग भाजपा से जुड़े हैं।

श्री टण्डन ने बताया कि पार्टी के राज्यमुख्यालय पर संगठन चुनाव के लिए वॉर रूम बनाया गया है, जिसमें क्षेत्रवार मॉनीटरिंग की व्यवस्था, क्षेत्रवार एललीडी स्क्रीन लगाई गयी। जिनमें बूथ समितियों का चुनाव सम्पन्न होते ही ऑनलाइन चुनाव परिणाम अपडेट करने की व्यवस्था थी। प्रदेश के साथ ही क्षेत्र व जिले में भी बूथ चुनाव की मॉनीटरिंग की व्यवस्था की गई थी। आज जिला निर्वाचन अधिकारी व सह निर्वाचन अधिकारियों ने निर्वाचित बूथ समितियों की सूची प्रदेश मुख्यालय में सत्यापन के पश्चात् जमा की। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने निर्वाचन से जुड़ी टीम को बधाई दी। अक्टूबर में मण्डल अध्यक्षों के चुनाव सम्पन्न होंगे तथा नवम्बर में जिलों के जिलाध्यक्ष चुने जाएंगे।