Enter your keyword

post

राज्‍य मुख्‍यालय पर मा० प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की सरकार के आठ वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिये प्रेस वार्ता आयोजित की गई

राज्‍य मुख्‍यालय पर मा० प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की सरकार के आठ वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिये प्रेस वार्ता आयोजित की गई

लखनऊ 23 मई 2022। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ल व अमरपाल मौर्य ने सोमवार को पार्टी के राज्यमुख्यालय पर संयुक्त रूप से पत्रकार वार्ता कर केन्द्र में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की सरकार के आठ वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम की जानकारी देते हुए मोदी सरकार की उपलब्धियां भी गिनाई।
प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ल ने कहा कि 2014 में, भारत के लोगों ने श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा और एनडीए में अपना विश्वास व्यक्त किया है। 30 वर्षों के बाद भारत के लोंगों ने किसी एक पार्टी को पूर्ण बहुमत देकर अपना आशीर्वाद दिया। 2019 में श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार और भी बडे़ जनादेश के साथ सरकार में लौटी और भाजपा की सीटों की संख्या 282 से बढकर 303 हो गई। किसी प्रधानमंत्री का अपना 5 साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद, उन्हीं के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत वाली सरकार की वापसी होना करीब 6 दशकों के बाद हुआ है।

उन्होंने कहा कि 2014 में जब श्री नरेंद्र मोदी ने पदभार ग्रहण किया, तो उन्हें पहले दिन से ही भारी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। 2014 का चुनावी जनादेश यूपीए सरकार के पॉलिसी, पैरालिसिस, भ्रष्टाचार और जबरदस्त वंशवादी राजनीति के बाद था। उन्होनें कहा कि 135 करोड़ भारतीयों के सामर्थ्य और कौशल से संचालित और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास‘ के मंत्र पर चलने वाली मोदी सरकार ने गरीबी दूर करने और देश को समृद्ध बनाने के उद्देश्य से कई पहल की हैं। मोदी सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के ‘अंत्योदय‘ के मंत्र के अनुरूप काम कर रही है, जिसका अर्थ है समाज के अंतिम पायदान पर खडे़ व्यक्ति की सेवा करना। श्री नरेंद्र मोदी ने दिखाया है कि एक कुशल नेतृत्व क्या होता है।

उन्होनें कहा कि 7 अक्टूबर 2021 को, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने सरकार के प्रमुख के रूप में 20 साल (गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में लगभग 12.5 साल और देश के प्रधानमंत्री के रूप में 7.5 साल) पूरे किये। किसी भी लोकतात्रिक राजनीति में यह एक विशिष्ट उपलब्धि है जिसे कुछ ही लोगों ने हासिल किया है। दूसरों की सेवा करने और अपने साथी नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के उनके निरन्तर प्रयासों के कारण ही संभव हुआ है।
श्री शुक्ल ने कहा कि हमें राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की प्रतिबद्धता पर गर्व महसूस होता है। जब हम भारतीय के जीवन को बदलते हुए देखते हैं, तो हमें खुशी होती है कि हमारी सरकार हमारे राष्ट्र को सशक्त बना रही है और समृद्धि की नई ऊंचाईयों की ओर ले जा रही है।
प्रदेश महामंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 1985 के बाद से 37 साल बाद ऐसा हुआ है कि एक सरकार लगातार दूसरी बार पूर्ण बहुमत से सत्ता में आई, वह भी दो-तिहाई बहुमत से। साथ ही पहली बार उत्तर प्रदेश में किसी मुख्यमंत्री ने पूर्ण बहुमत के साथ लगातार दूसरी बार वापसी की है। प्रदेश के 19 जिलों में भाजपा को छोड़ बाकी सभी पार्टियों का खाता भी नहीं खुला। यूपी में पहली बार लगातार चार चुनाव-2014 के लोकसभा चुनाव, 2017 के विधानसभा चुनाव, 2019 के लोकसभा चुनाव और अब 2022 के विधानसभा चुनाव के परिणाम में भाजपा को प्रदेश की जनता ने अपना पूरा आशीर्वाद दिया है। इतना ही नहीं, भाजपा का वोट शेयर भी 39 प्रतिशत से बढ़ कर 42 प्रतिशत हुआ है। समाज के सभी वर्गों का पूरा सहयोग भाजपा को मिला है।

प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ल ने आगामी 30 मई को केंद्र सरकार के आठ वर्ष पूरे होने पर पार्टी द्वारा 8 साल सेवा सुशासन और गरीब कल्याण के अन्तर्गत होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि रिपोर्ट टू नेशन कार्यक्रम 1 या 2 जून को प्रदेश मुख्यालय में किया जाएगा।
कार्यक्रम के अन्तर्गत जिला मुख्यालय पर प्रेस कान्फ्रेस कर केंद्र सरकार की 8 वर्षों की उपलब्धियों की पुस्तक का विमोचन जिलाप्रभारी/जिलाध्यक्ष/सांसद के द्वारा किया जाएगा। साथ ही सरकार के कार्यों का रिपोर्ट कार्ड भी दिया जाएगा। साथ ही केन्द्र व प्रदेश सरकार के चयनित लाभार्थी (10 योजनाओं के) उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जनधन योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना, सौभाग्य योजना, उज्ज्वला योजना, मुद्रा योेजना, आयुष्मान योजना, गरीब कल्याण योजना, घर-घर नल योजना के लाभार्थी को कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि माननीय नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व वाली सरकार के 08 वर्ष पूर्ण होने पर सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण हेतु 75 घंटे बूथ पर विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई है। इस कार्यक्रम में सांसद/विधायक/एमएलसी/अन्यजनप्रतिनिधि/प्रदेश/क्षेत्र/जिला/मण्डल के सभी पदाधिकारियों को प्रत्येक दिन 08 घंटे तक किसी एक बूथ पर जाकर बूथ आधारित गतिविधियों में सहभागिता करेगें।
कार्यक्रम के तहत बूथ के कार्यकर्ता घर-घर सम्पर्क करना एवं केन्द्र सरकार की उपलब्धियों का पत्रक जन-जन तक पहुंचाएगें। साथ ही युवाओं एवं महिलाओं द्वारा प्रभात फेरी निकालना व शहीद परिवार के घर जाकर उनका सम्मान भी किया जाएगा। केन्द्र व राज्य सरकार की भाजपा सरकार लाभार्थीयों के घर जाकर उन्हे पौधा भेंट कर वृक्षारोपण करवाने के कार्यक्रम भी आयोजित किये जाएगें।

उन्होंने बताया कि माननीय नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के आठ वर्ष पूर्ण होने पर सेवा व सुशासन और गरीब कल्याण के नाम पर 75 घंटे विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों की भी योजना तय की गई है। जिसके तहत पहले दिन विधानसभा स्तर पर वृक्षारोपण व तलाब सफाई के कार्यक्रम किसान मोर्चा द्वारा आयोजित किया जाएगा। दूसरे दिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र/आंगनवाडी पर स्वास्थ परीक्षण शिविर महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं द्वारा किया जाएगा।
जबकि तीसरे दिन विधानसभा स्तर पर महापुरूषों की मूर्ति पर माल्यार्पण व बस्ती में स्वच्छता अभियान अनुसूचित मोर्चा द्वारा चलाया जाएगा। चौथे दिन जनपद स्तर पर महापुरूषों पर माल्यार्पण व बस्ती में स्वच्छता अभियान अनुसूचित जनजाति मोर्चा द्वारा चलाया जाएगा। पांचवे दिन विधानसभा स्तर पर प्राथमिक विद्यालय/उच्च प्राथमिक विद्यालय पर स्वच्छता व वृक्षारोपण का अभियान पिछडा मोर्चा चलाएगा।

उन्होंने बताया कि छठे दिन समाज के कमजोर वर्ग के लिए सस्ते गल्ले की दुकान पर राशन वितरण का कार्य भाजपा संगठन चलाएगा। जबकि सातवें दिन शहरी गरीबों के लिए वार्ड पर स्वास्थ परीक्षण शिविर/स्वच्छता अभियान स्थानीय निकाय टीम चलाएगी। आठवें दिन – जनपद स्तर पर विविध क्षेत्रों में उपलब्धियां आर्जित करने वाले लोंगो का सम्मान समारोह भाजपा संगठन द्वारा आयोजित किया जाएगा। जबकि नौवें दिन टीकाकरण की सुविधा और स्वास्थ्य सेवकों का सम्मान समारोह चिकित्सा प्रकोष्ठ द्वारा किया जाएगा। अभियान के आखिरी दिन केन्द व राज्य की भाजपा सरकार के लाभार्थियों के घरों पर बूथ स्तर पर सम्पर्क करेगी व अन्य कार्यक्रम पार्टी आयोजित करेगी।
श्री शुक्ल ने बताया कि अभियान के अंतर्गत 01 जून से 13 जून 2022 के मध्य जिला केंद्रो पर गरीब कल्याण जनसभा का आयोजन किया जाना सुनिश्चित हुआ है। जिसमें केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थी भी शामिल होंगे। जिला स्तर पर होने वाली जनसभा को केन्द्रीय मंत्री एवं प्रदेश सरकार के मंत्रीगण व पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी तथा वरिष्ठ नेता सम्बोधित करेंगे।