भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती को सुशासन दिवस के रूप में मनाते हुए भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पूरे प्रदेश में बूथ स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर श्रद्धेय अटल जी को अपने श्रद्धासुमन अर्पित किये


25-12-2024
Press Release

लखनऊ 25 दिसम्बर 2024। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती को सुशासन दिवस के रूप में मनाते हुए भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पूरे प्रदेश में बूथ स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर श्रद्धेय अटल जी को अपने श्रद्धासुमन अर्पित किये। जिला स्तर पर श्रद्धेय अटल जी के जीवन, उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर आधारित प्रदर्शनियां लगाई गई। साथ ही मण्डल स्तर पर सुशासन यात्राएं निकालकर चौपाल भी लगाई गई। पार्टी के राज्य मुख्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन मा. मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी, उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य व श्री ब्रजेश पाठक और प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री धर्मपाल सिंह ने किया।

श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्म शताब्दी वर्ष पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पूरे प्रदेश में बूथ स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए। पार्टी कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर पुष्पांजलि अर्पित की। साथ ही मण्डल स्तर पर सुशासन यात्राएं निकालकर चौपाल लगाई। चौपाल में अटल जी के जीवन, उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर चर्चा करने के साथ-साथ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार द्वारा किये जा रहे लोककल्याणकारी कार्यों पर भी चर्चा की।  

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्म शताब्दी पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि अटल जी के जीवन की प्रेरणा हमें हमेशा आगे बढ़ने में सहायता करती है। उन्होंने भारतीय राजनीति में एक नई सोच और दिशा प्रदान की, जो सदैव हमारे मार्गदर्शन का स्रोत रहेगी।

उन्होंने कहा कि अटल जी का नेतृत्व केवल राजनीतिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं था। उन्होंने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का जो संदेश दिया, वह हमें आज भी प्रेरित करता है। वे एक कुशल वक्ता और महान कवि थे, जिन्होंने अपनी काव्य रचनाओं के माध्यम से भावनाओं एवं विचारों को साझा किया। उनकी राजनीतिक दूरदर्शिता और साहसिक निर्णयों ने देश को विकास के पथ पर अग्रसर किया।

उनके प्रसिद्ध कथन का उल्लेख करते हुए श्री चौधरी ने कहा कि वे कहते थे कि, ‘‘सपने वो नहीं जो हम सोते समय देखते हैं, सपने वो हैं जो हमें सोने नहीं देते‘‘ हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत है। आज, उनके सिद्धांतों और कार्यों को अपने जीवन में आत्मसात कर हम उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित कर सकते हैं।

इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री बृज बहादुर, प्रदेश महामंत्री श्री गोविन्द नारायण शुक्ल, प्रदेश मंत्री श्री शंकर लाल लोधी, श्री शिवभूषण सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री मनीष दीक्षित, प्रदेश प्रवक्ता श्री समीर सिंह, श्री आलोक अवस्थी, मुख्यालय प्रभारी श्री भारत दीक्षित, सहप्रभारी चौधरी लक्ष्मण सिंह व श्री अतुल अवस्थी, विधान परिषद सदस्य श्री रामचन्द्र प्रधान व श्री अवनीश सिंह, महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल सहित कई पार्टी पदाधिकारी अन्य प्रमुख नेता व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

To Write Comment Please Login