
लखनऊ 20 अप्रैल 2024। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने अखिलेश यादव द्वारा चुनावी रैली में लगाए गए आरोपों पर करारा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव पीडीए का नारा दे रहे हैं, जिसका असली अर्थ पारिवारिक डेवलपमेंट अथॉरिटी है। जिस तरह से उन्होंने अपने परिवारीजनों को टिकट बांटे हैं, उससे स्पष्ट है कि उनकी नीयत पीड़ित और दलितों के विकास की नहीं, बल्कि अपने परिवार के विकास को लेकर है।
प्रदेश की जनता उनकी हकीकत अच्छी तरह जान चुकी है और इन आम चुनावों में वो एक बार फिर उनकी मंशा को नकार रही है। उन्होंने कहा कि वो जानते हैं कि अकेले दम पर वह उत्तर प्रदेश में भाजपा का सामना नहीं कर सकते। इसीलिए वो दूसरे दलों के साथ गठबंधन कर रहे हैं, लेकिन अफसोस कि उन्होंने जिन दलों से गठबंधन किया है, उनका वजूद ही यूपी से खत्म हो चुका है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में अपनी जमीन खो चुके समाजवादी पार्टी के मुखिया फिर से सत्ता सुख भोगने के लिए आतुर हैं। इसके लिए वो अलग-अलग पार्टियों से गठबंधन करते फिर रहे हैं। इसके बावजूद वह जनता का दिल जीतने में बार-बार नाकाम रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जनता जनार्दन पहले ही दो लड़कों और बुआ-बबुआ की जोड़ी को सिरे से नकारा चुकी है। एक बार फिर वही पुरानी दो लड़कों की जोड़ी यूपी आई है और फिल्म की शूटिंग कर रही है। लेकिन प्रदेश की जनता को रील नहीं रियल डेवलपमेंट चाहिए जो विगत 10 वर्ष में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और 7 वर्ष में मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मिल रहा है। वो पश्चिम को लेकर क्या बात कर रहे हैं, उनकी पश्चिम से लेकर पूरब तक हार सुनिश्चित है।
प्रदेश अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि मेरठ की जनता को उनके झूठे वादों पर भरोसा नहीं हैं। वो जानती है कि ये किसानों का, युवाओं का और गरीबों का हक मारने वाले लोग हैं। ये सामूहिक नकल के हिमायती लोग हैं, नौकरियों में भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाले लोग हैं। अब यह भेष बदलकर जनता को बरगलाना चाहते हैं, लेकिन भूल रहे हैं कि 2014, 2017, 2019 और 2022 में जनता के आगे उनकी एक नहीं चली तो अब क्या चलेगी।
To Write Comment Please लॉगिन