भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी जी का अध्यक्षीय उद्बोधन


द्वारा श्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी -
14-07-2024
Press Release

लखनऊ 14 जुलाई 2024। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनपुरी में गोमती नदी के तट पर माननीय मुख्यमंत्री जी सहित इस सभागार में उपस्थित सभी अतिथियों और कार्यकर्ता बन्धुओं का मैं स्वागत एवं अभिनंदन करता हूं। मैं आज इस अवसर पर याद करना चाहता हूं इस शहर के वास्तविक भारतीय वास्तुविद लखना पासी को जिनको याद किये बिना यह प्रदेश कार्यसमिति अधूरी रहेगी। देश का मन उत्तर प्रदेश है। भारत की आत्मा अयोध्या, काशी और मथुरा में बसती है जो हमारी पहचान है। इस ऐतिहासिक और गौरवशाली परम्परा के संवाहक उत्तर प्रदेश की धरती से आमजन के सपनों को साकार करने के लिए देश की अहर्निश सेवा में लगे हम सभी के मार्गदर्शक श्री नरेंद्र भाई मोदी जी को तीसरी बार काशी से सांसद बनाकर राष्ट्र सेवा के लिए प्रधानमंत्री के पद पर सुशोभित करने का महान सौभाग्य सभी कार्यकर्ताओं को मिला है। केंद्र में लगातार तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने पर माननीय मोदी जी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय श्री जगत प्रकाश नड्डा जी एवं केंद्रीय नेतृत्व को हार्दिक शुभकामनायें एवं आप सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करता हूँ।

हम सभी जनवरी 2024 में संपन्न हुई प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मिले थे। आज लोकसभा चुनाव 2024 के संपन्न होने के उपरांत एक बार फिर हम सभी यहां पर मिल रहे हैं। यह प्रदेश कार्यसमिति बृहद रूप से आयोजित की गई है जिसमें हम सभी को कार्यसमिति समापन सत्र में भाजपा के माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जी का मार्गदर्शन मिलेगा, जो हमारे लिये अत्यंत प्रसन्नता का विषय है।

उत्तर प्रदेश एक कृषि प्रधान प्रदेश है। यहां पर सबसे उर्वरा भूमि है। यह देश की आत्मा व हृदय स्थल है। भगवान राम और कृष्ण ने यहीं जन्म लिया। यहीं पर बाबा विश्वनाथ घाम है। वैदिक ज्ञान को लिपिबद्ध करने वाली भूमि नैमिषारण्य है। शक्तिपीठों से जुड़ी परंपरा भी यहां पर है। पूर्व में विपक्ष के जो लोग इस सामर्थ्य को नहीं समझते थे वे कांवड़ यात्रा पर रोक लगाते थे। लेकिन, आज 500 वर्षों के बाद अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण हमारी विरासत का सम्मान है। सही अर्थों में कहा जाये तो हम सभी भाजपा कार्यकर्ता परंपराओं को अपनाते हुए आगे बढ़ रहे हैं।

क्योंकि, भाजपा ही एक मात्र राजनीतिक संगठन है जिसके कार्यकर्ताओं के मन में पहले देश, फिर दल और सबसे अंत में स्वयं के हित की भावना आती है। हमारा यह प्रदेश उसी दृष्टिकोण के साथ माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मागदर्शन में वैभवशाली भारत, शक्तिशाली भारत, आत्मनिर्भर भारत के रूप में आकार ले रहा है। आज हमें गर्व हैं कि माननीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में तीसरी बार केन्द्र में भाजपा की सरकार बनी है जिसका हम सभी आज हार्दिक अभिनंदन करते हैं।

1951 में हमने जो संकल्प लिये थे, आज पूरे हो रहे हैं। आजादी के बाद भाजपा पहला राजनीतिक दल है, जिसने बलिदान दिया। डॉ श्याम प्रसाद मुखर्जी का कश्मीर में संदिग्ध परिस्थितियों में निधन हुआ। एक देश में दो विधान, दो प्रधान नहीं चलेंगे को साकार करते हुये प्रधानमंत्री जी ने धारा 370 को हटाया। जिससे आज जम्मू और कश्मीर लोकतांत्रिक तरीके से आगे बढ़ रहा है। हमने अयोध्या में राममंदिर बनाने का सपना देखा, वह सपना प्रधानमंत्री जी के प्रयासों से साकार हो गया है। हमारी सरकार बहुसंख्यकों की आस्था का सम्मान और अपनी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।

माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मा. जगत प्रकाश नड्डा जी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी नई ऊंचाई को छू रही है। राष्ट्रीय विचार की राजनीति हमारी प्रतिबद्धता है साथ ही ’सेवा ही संगठन’ की अवधारणा को लेकर किए गए कार्यों से भाजपा का मानवीय स्वरूप जनता तक पहुंचा है। सेवा ही संगठन का मूल मंत्र है इसी ध्येय के साथ पार्टी सफलता के कीर्तमान स्थापित कर रही है।
2014, 2017, 2019, 2022 के विधानसभा चुनाव और फिर नगर निकाय चुनाव में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शानदार नतीजे हासिल किए और हमने प्रचंड विजय प्राप्त की। 2024 के लोकसभा चुनाव का परिणाम हमारी अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं रहा लेकिन हमारे कार्यकर्ताओं ने परिश्रम की पराकास्ठा दिखाते हुए अपना पूरा सहयोग दिया। जिसके कारण हमारा सौभाग्य है कि, लगातार तीसरी बार आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनी है। ऐसा स्वतंत्र भारत की राजनीति में 6 दशक के बाद संभव हो पाया है। यह सभी भाजपा कार्यकर्ताओं के अथक प्रयास से संभव हो सक है। जिसके लिये आप धन्यवाद के पात्र हैं।

सपा और कांग्रेस जैसे परिवारवादी और जातीयवादी शक्तियों ने अफवाह एवं भ्र फैलाकर प्रदेश की जनता को जातीय अखाड़ों में बदलने की कोशिश की। मुस्लि मतदाताओं का भयादोहन करके उनका वोट लेने का कांग्रेस और सपा ने नया तरी तलाशा और उनको अपने एजेंडे का शिकार बनाया जिसमें उन्हें आंशिक सफलता मिली। इसीलिए हमारे समक्ष यह चुनौती है कि अभी से भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच घर-घर जाकर युद्धस्तर पर इस झूठ और अफवाह का पर्दाफाश का है और इनके विभाजनकारी मंसूबों पर पानी फेरना है। सर्वसमाज को लेकर ह निरंतर आगे जाना है। जो भूले भटके हैं उनको गले लगाना है। फिर से लोगों के जाना है और सबको साथ लेकर समाज और राष्ट्र को विकास के पथ पर लेकन बढ़ना है।
अगर हम आंकडों पर बात करें तो सपा और कांग्रेस ने मिलकर 2024 के चुनावों में 43.05 फीसदी वोट प्राप्त किया है। जबकि भाजपा ने अकेले 41.37 फीसदी वोट प्राप्त किया है। अगर भाजपा में हम अपने सहयोगी दलों का वोट जोड़ दें तो सपा-कांग्रेस हमसे आज भी पीछे है। केवल संविधान खतरे में है खटाखट 8500 रू0 का झूठा भ्रमजाल फैलाकर सपा और कांग्रेस ने बहुजन वोट के सहारे 1.68 फीसदी वोट अधिक हासिल किया है।

अखिलेश यादव जी, आपको सावधान कर रहा हूं यह कांग्रेस भष्मासुर है और बहुत जल्दी आपको ठिकाने लगा देगी। कांग्रेस की नजर आपके मुस्लिम वोट पर पड़ गई है। कांग्रेस की सोच एवं उनकी कार्यशैली में लोकतंत्र की कोई गुंजाइश ही नहीं है। कांग्रेस का एक इकोसिस्टम है जो हारने वालों को जीता हुआ बताकर जीतने वालों पर प्रश्न खड़े करता है। 13 राज्यों में कांग्रेस पार्टी की सीटें शून्य हैं। कांग्रेस पार्टी जहां भी जीती है वहां अपने वोटों से नहीं जीती, बल्कि दूसरी पार्टियों के वोटों पर जीती है।

आपातकाल की जनक कांग्रेस जब भी सत्ता में रही उस समय जिसने विरोध किया, उसे समाप्त करने में कांग्रेस ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। देश में सबसे ज्यादा बार धारा 356 का प्रयोग करके सरकारों को गिराने का काम कांग्रेस पार्टी ने ही किया है। पिछले तीन चुनावों से कांग्रेस ने प्रदेश में अलग-अलग दलों के साथ जाने का प्रयास किया और अपना स्वार्थ ठीक हो जाने के बाद उस पार्टी को रसातल में पहुंचा दिया। इसलिये आज दलित वंचितों की पार्टी के वोट झूठ बोलकर इन दलों ने भले ही ले लिया हो लेकिन इनके द्वारा कभी भी दलितों शोषितों के भले के लिये काम नहीं किया गया है।

25 जून आपातकाल के दिवस को “संविधान हत्या दिवस“ घोषित करने के लिए यह कार्यसमिति माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का अभिनन्दन करती है।

भारतीय जनता पार्टी एक मात्र पार्टी है जो अपनी विचारधारा पर अडिग है। कांग्रेस पार्टी का तो कोई वैचारिक आधार है ही नहीं। कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहब अंबेडकर का विरोध किया है। उनको कांग्रेस ने कभी अपने संगठन का चुनाव नहीं लड़ने दिया। बाबा साहब अंबेडकर को कैबिनेट का सदस्य होने के बाद भी इस्तीफा देना पड़ा था। कांग्रेस ने सदैव बाबा साहब का अपमान जीते-जी तो किया ही और मरणोपरान्त भी उनका सम्मान नहीं दिया।

हमारी सरकारों ने बाबा साहब से सम्बन्धित स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया है। बाबा साहब के सम्मान में हमारी सरकार द्वारा 26 नवम्बर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की परम्परा शुरू की गई है जो कांग्रेस अपने सत्ता के 50 वर्षों में नहीं कर पाई। बाबा साहब को भारत का सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न भी गैर कांग्रेस पार्टी द्वारा दिया गया।

लोहिया को अपना आदर्श मानने वाली समाजवादी पार्टी शुद्ध रूप से परिवारवादी पार्टी में परिवर्तित हो गयी है। इनकी परिवारवादी मानसिकता, वैभवशाली रहन-सहन, अपराध केन्द्रित राजनीति को संरक्षण इत्यादि कृत्यों को देखकर स्वर्ग में लोहिया जी की आत्मा भी विलाप कर रही होगी। कांग्रेस पार्टी की सोच में विपक्ष के लिए कोई जगह नहीं है। अगर कोई विरोध करता है तो कांग्रेस उसे खत्म कर देती है। कांग्रेस के नेता संविधान की प्रति जरूर लेकर घूमते हैं, लेकिन उन्होंने कभी इतिहास नहीं पढ़ा है। संविधान में सबसे अधिक बार संशोधन करने वाली और चुनी हुई लोकतांत्रिक सरकारों को सबसे अधिक बार धारा-356 लगाकर बर्खाश्त करने वाली कांग्रेस से संविधान को आज सबसे ज्यादा खतरा है।

जबकि हमारा मंत्र सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास है। हमारी केन्द्र और राज्य की सरकारें सभी के लिये एक समान कार्य करने में विश्वास करती है। प्रधानमंत्री आवास योजना से लेकर मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना तक हमारा सिद्धांत सभी के लिये एक है। प्रदेश के अंदर माननीय योगी जी के नेतृत्व में हमने जाति धर्म, संप्रदाय वर्ग से उपर उठकर पारदर्शी तरीके से प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ उत्तर प्रदेश की जनता को दिया। हिन्दू हो या मुस्लिम हमारी सरकारों में सभी को प्रत्येक योजना का लाभ मिलता है।

हम सभी जानते हैं कि, भारतीय जनता पार्टी ने एक लंबी यात्रा तय की है। दो सांसदों से लेकर आज देश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा है। हमारा आधार पार्टी का सिद्धांत, कार्यकर्ताओं का परिश्रम और भाजपा की सरकारों के लोक कल्याण के काम हैं। भाजपा गरीब कल्याण के आधार पर आगे बढ़ने वाली पार्टी है। प्रदेश में जब हमारे विरोधी दलों की सरकार थी तो वो लोग कट, कमीशन और करप्शन में लिप्त थे। वे रात-दिन अपने परिवार और रिश्तेदार की चिंता में लगे रहते है वहीं दूसरी तरफ माननीय मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा पूरे देश को अपना परिवार मानती है।

आज आप सभी को इस कार्यसमिति के माध्यम से मैं अपने इस परिवार को सजग करना चाहता हूं कि, यह समय चिन्ता करने का नहीं है। यह समय है चिन्तन करने का। चिन्तन को कार्यशैली में बदलने और दलित वंचित शोषित समाज के बीच जाकर उसका भ्रम दूर करने का समय है। हमने समाज के लिये किया है। समाज के लिये जिया है। समाज से लिया है इसलिये समाज को अभी बहुत कुछ देना भी है। पंडित जी ने एक बार संगठन की महत्ता पर बल देते हुए कहा था कि “हमें इस प्रकार कार्य करना है कि आज का विरोधी कल हमारा मतदाता बने। कल का मतदाता परसों हमारा सदस्य और परसों का सदस्य हमारा सक्रिय कार्यकर्ता बनें।“

केन्द्र में दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में गरीब कल्याण, विश्व महाशक्ति के रूप में भारत की प्रभावी छवि, देश के बाह्य और आंतरिक दुश्मनों को मुहतोड़ जवाब, भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के प्रति तीव्र गति से अग्रसर जैसे चतुर्दिक क्षेत्रों में पिछले 10 वर्ष का कार्यकाल इतिहास के स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जायेगा। वहीं प्रदेश में माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में मजबूत कानून व्यवस्था की बात हो चाहें पूरे प्रदेश में सड़कों और एक्सप्रेसवे का जाल बिछाने की बात हो, शासकीय स्कूलों की कायाकल्प की बात हो, सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज या साढ़े छह लाख युवाओं को पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त नौकरियों देने की बात हो हमारी सरकार ने उत्तर प्रदेश को सबसे तेजी के साथ विकसित प्रदेशों की सूची में लाकर खड़ा कर दिया है। हमें विकसित भारत 2047 के संकल्प को सिद्ध करते हुए भारत को दुनिया की सबसे बड़ी सुपर पॉवर बनाना है।

भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है, यहाँ तो मेरे जैसे एक सामान्य कार्यकर्ता को संगठन में कार्य करते-करते पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बना दिया। मै प्रधानमंत्री जी माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जी एवं शीर्ष नेतृत्व का आभारी हूँ जिन्होंने भरोसा जताते हुये अध्यक्ष के रूप में मुझे आप लोगों के साथ काम करने का अवसर दिया ।  

62 वर्षों में ऐसा पहली बार हुआ है कि किसी पार्टी को लगातार तीसरी बार केन्द्र में सरकार बनाने का अवसर प्राप्त हुआ है। हमारे करिश्माई नेता माननीय नरेन्द्र मोदी जी और कार्यकताओं के परिश्रम के बदौलत ही ऐसा सम्भव हो पाया है। विपक्ष के सारे दल मिलकर इतनी सीट भी प्राप्त नहीं कर सके जितनी भाजपा ने अकेले प्राप्त की है। कांग्रेस लगातार तीसरी बार 100 सीटें भी नहीं प्राप्त कर सकी है। हम चुनौतियों से निकल कर और मजबूत होने वाले लोग है। हमारे मातृ संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर बैन लगाया गया, देश पर आपातकाल थोपा गया, नब्बे के दशक में आतंकवाद, नक्सलवाद, जातिवादी शक्तियों के उभार, बंगाल केरल तथा कई राज्यों में विचारधारा के आधार पर हमारे कार्यकर्ताओं पर प्राण घातक हमलें, हमने सभी चुनौतियों को मुहतोड़ जवाब दिया और चन्दन की तरह शीतल रहते हुए, कुन्दन की तरह तप कर के निकले है और इन समाज विरोधी और राष्ट्र विरोधी ताकतों को परास्त करते हुए दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में स्थापित है। भाजपा संख्या बल में दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी होने के साथ बूथ से लेकर प्रदेश तक संगठन के ताकत के आधार पर सबसे मजबूत पार्टी है। विपक्षियों के झूठ, अफवाह एवं तुष्टीकरण का जवाब हम बूथ के कार्यकर्ताओं की ताकत और अपने मूलमंत्र प्रण अंत्योदय, पथ अंत्योदय और लक्ष्य अंत्योदय के माध्यम से देने के लिए कृतसंकल्पित है। हम सभी कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ पर घर-घर प्रत्येक मतदाता तक जाएँगें अपनी सरकार के अंत्योदयी योजनाओं का प्रचार करेंगे और विपक्ष के झूठ और अफवाह का पर्दाफाश करेंगे।

मैं अध्यक्ष के रूप में आपको आश्वस्त करता हूँ कि कार्यकर्ता का सम्मान हमारी प्राथमिकता है जिसके साथ कोई भी समझौता नहीं किया जाएगा। पार्टी अपने सभी कार्यकर्ताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। आइये हम सब मिलकर संकल्प ले कि आगामी 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनावों में शतप्रतिशत विजय श्री हासिल करेंगे। अगली लड़ाई स्वार्थी परिवारवादियों और मोदी के परिवार के बीच है, राष्ट्र विरोधियों और राष्ट्रभक्तों के बीच में है, धर्म और अधर्म के बीच में है, तुष्टीकरण और संतुष्टीकरण के बीच में है, भ्रष्टाचारियों और सदाचारियों के बीच में है। 2047 में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का मोदी जी का संकल्प को हम सभी कार्यकर्ता पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। अभी से हम सभी कार्यकर्ताओं को कमर कस कर प्राण-पण से लग जाना है और 2027 के चुनाव में विरोधियों को मात देते हुए भाजपा की प्रचन्ड विजय को सुनिश्चित करना है।

अब मैं भारत रत्न श्रद्धेय अटल जी की कविता के साथ अपनी वाणी को विराम देता हूं-
चिंतन चरित्र में अब, विकृति बढ़ी है।
चहुंओर कौरवों की सेना खड़ी है।।
फिर से जितनी बाधाएं आती है आएं।
चाहें फिर से घिरें प्रलय की घोर घटाएं।।
हमको आग लगाकर जलना होगा।
फिर से कदम मिलाकर चलना होगा।।

To Write Comment Please लॉगिन