
लखनऊ 27 अप्रैल 2025। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री धर्मपाल सिंह ने रविवार को अनुसूचित जाति संवाद कार्यक्रम में संवाद करते हुए कहा कि मोदी सरकार व योगी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं में बिना भेदभाव के सबके विकास का संकल्प है। यही कारण है कि भाजपा सरकार की योजनाएं अनुसूचित वर्ग के सामाजिक व आर्थिक उत्थान का आधार बनीं है। उन्होंने कहा कि कोई भी कार्यकर्ता घर पर खाली ना बैठे, सभी कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कार्यक्रमों, अभियानों में जिम्मेदारी सुनिश्चित करते हुए काम करना है। बहराइच के भाजपा जिला कार्यालय में अनुसूचित जाति संवाद कार्यक्रम में अनुसूचित मोर्चा के जिला एवं मंडल पदाधिकारियों की बैठक में प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री धर्मपाल सिंह ने संगठनात्मक मजबूती पर बल दिया। उन्होंने जिले के मंडल अध्यक्षो, निवर्तमान मंडल अध्यक्षो तथा पूर्व मंडल अध्यक्षो के साथ भी बैठक कर आगामी रणनीति पर चर्चा की। साथ ही उन विधानसभाओं के मंडल अध्यक्षो और शक्तिकेन्द्र संयोजक की बैठक भी ली जहां पिछले चुनाव में भाजपा को अपेक्षित सफलता नहीं मिल सकी थी। इसके अतिरिक्त उन्होंने जिले के जनप्रतिनिधियों के साथ भी संवाद किया।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि भारत रत्न बाबा साहेब डा. भीमराव आम्बेडकर से जुडे़ स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित करना प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी तथा भाजपा की बाबा साहेब के सम्मान के साथ ही उनके दिखाए मार्ग पर चलने की प्रतिबद्धता है। भाजपा सरकार तथा संगठन में अनुसूचित जाति वर्ग के साथ सभी वर्गों को समुचित प्रतिनिधित्व और सबके सम्मान का संकल्प समाहित है। यह सिर्फ रैलियों, भाषणों तथा बैठको में व्यक्त करने का विषय नहीं है। बल्कि यह भाजपा के संगठनात्मक ढांचे तथा भाजपा सरकारों की संरचना में परिलक्षित होता है।
श्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा ही एक मात्र राजनैतिक दल है जिसमें प्रत्येक जाति व वर्ग के कार्यकर्ताओं को उनकी क्षमता के अनुसार संगठन व सरकार में उच्चतम पदों तक पहुंचने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा ने बाबा साहेब डा. भीमराव आम्बेडकर जी का विरोध और अपमान किया। अनुसूचित वर्ग को वोट बैंक की तरह उपयोग किया। इन दलो के शासनकाल में अनुसूचित जाति वर्ग गरीबी, अपमान व शोषण का शिकार रहा। सपा की सरकार के समय अनुसूचित जातिवर्ग ने घोर अपमान, हिंसा, जमींन और मकानों पर कब्जे और प्रताड़ना को झेला है। बेटियों का स्कूल जाना दूभर हो गया था। शौहदे बहन बेटियों को सरेराह बेइज्जत किया करते थे। लेकिन सपा की सरकार और तत्कालीन प्रशासनिक व्यवस्था से शौहदों, गुडों, अपराधियों, माफियाओं को संरक्षण मिलता था। कांग्रेस की सरकारों के समय अनुसूचित वर्ग को छला गया और सपा की सरकार में अनुसूचित वर्ग को प्रताड़ित और अपमानित किया गया।
श्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा सरकारों में मजबूत कानून व्यवस्था से हर बहन, बेटी सुरक्षित है। घर, मकान, खेत, खलिहान सुरक्षित है। प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान सुरक्षित है। भाजपा सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाओं ने अनुसूचित जाति वर्ग के सामाजिक व आर्थिक सशक्तिकरण को गति दी है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प में अनुसूचित जाति वर्ग के साथ ही सभी वर्गों की आर्थिक उन्नति का संकल्प निहित है। भाजपा की केन्द्र सरकार व प्रदेश सरकार ने बाबा साहेब डा. भीमराव आम्बेडकर के संविधान की मजबूती और अनुसूचित वर्ग के आरक्षण सहित तमाम अधिकारों को पूरी मजबूती के साथ सुरक्षित करने का काम किया।
श्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि कांग्रेस सहित सपा, बसपा व अन्य राजनैतिक दल किसी व्यक्ति या परिवार द्वारा संचालित है। इसलिए इन दलों में परिवारवादी, जातिवादी तथा सामन्तवादी मजबूत सोच है। जबकि भाजपा एक परिवार की तरह काम करने वाला राजनैतिक दल है जिसमें किसी भी जाति या वर्ग का, कोई भी कार्यकर्ता पार्टी में किसी भी पद तक पहुंचकर पार्टी का नेतृत्व कर सकता है। भाजपा की राष्ट्रवादी नीतियों से राष्ट्र मजबूत व सुरक्षित है भाजपा सरकार में ही सबकी आर्थिक, सामाजिक मजबूती तथा राजनैतिक भागीदारी के साथ सम्मान सुरक्षित है। हमें लोगों के बीच में जाना है। विपक्ष द्वारा फैलाए गए भ्रम को दूर करना है और सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास व सबका प्रयास के मंत्र के साथ सबको साथ जोड़ना है।
To Write Comment Please Login