भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री धर्मपाल सिंह ने शनिवार को कहा कि देश को आर्थिक व सामरिक महाशक्ति बनाने के लिए एक देश एक चुनाव आवश्यक है


by Shri Dharampal Singh -
10-05-2025
Press Release

लखनऊ 10 मई 2025। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री धर्मपाल सिंह ने शनिवार को कहा कि देश को आर्थिक व सामरिक महाशक्ति बनाने के लिए एक देश एक चुनाव आवश्यक है। श्री धर्मपाल सिंह शारदा यूनिवर्सिटी नॉलेज पार्क ग्रेटर नोएडा में आयोजित एक राष्ट्र एक-चुनाव विषय पर युवा टाउन हॉल कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम से पूर्व श्री धर्मपाल सिंह हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों के साथ भारतीय सेना के सम्मान, समर्थन तथा सेना के साथ एकजुट सारा देश का संदेश लेकर तिरंगा यात्रा लेकर निकले। इस अवसर पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री महेश शर्मा, क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री सतेन्द्र शिसोदिया, विधायक मास्टर तेजपाल नागर, एमएलसी श्री श्रीचंद शर्मा, विधायक श्री धीरेन्द्र सिंह, एमएलसी श्री नरेन्द्र भाटी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अमित चौधरी उपस्थित रहे ।
श्री धर्मपाल सिंह ने तिरंगा यात्रा में लोगों से रक्तदान की अपील करते हुए कहा कि भारतीय सेना का शौर्य और पराक्रम हर परिस्थिति में विजय परिणाम देने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के साथ पूरा देश है और सेना के अदम्य साहस को सैल्यूट करता है।
 श्री धर्मपाल सिंह ने युवा टाउन हॉल में संवाद करते हुए कहा कि एक राष्ट्र एक चुनाव एक प्रशासनिक सुधार है। देश में लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव एक साथ और नगर निकाय व पंचायत चुनाव एक साथ हों तो देश के संसाधन भी बचेंगे और देश की श्रम शक्ति भी बचेगी, जो राष्ट्र नव निर्माण के काम आएगी। उन्होंने कहा कि एक रिपोर्ट के अनुसार 2024 लोकसभा चुनाव पर लगभग एक लाख 24 हज़ार करोड़ ख़र्च आया। देश में लगातार होने वाले चुनावों और लगातार लगने वाली चुनाव आचार संहिता से विकास कार्य अवरुद्ध होते है। एक राष्ट् एक चुनाव से देश में राजनीतिक स्थिरता आएगी जिससे भारत विकसित राष्ट्र बनेगा। एक साथ चुनाव होने से देश का लाखों करोड़ रुपया बचेगा। तो वह पैसा देश की जनता के काम आयेगा और देश के नागरिक आत्मनिर्भर बनेंगे। जन जन की आत्मनिर्भरता से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का विकसित भारत का संकल्प पूरा होगा।
उन्होंने कहा कि वन नेशन वन इलेक्शन के लिये स्टैंडिंग कमेटी बनायी गई। कमेटीं के अध्यक्ष देश के पूर्व राष्ट्रपति श्री राम कुमार कोविन्द को बनाया गया। आज यह विषय देश की जनता के दरबार में पहुंचकर जनमत तैयार कर रहा है।
श्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि बार बार होने वाले चुनाव से देश में देश और देशवासियों की भलाई के लिए बड़े और कड़े निर्णय नहीं हो पाते। उन्होंने कहा कि जब 1967 तक देश में एक साथ चुनाव हो सकते है तो आज कांग्रेस और सपा जैसे दलों का एक देश एक चुनाव का विरोध करने का कोई कारण समझ नहीं आता है। उन्होंने कहा कि एक देश एक चुनाव का विषय के साथ गांव में, शहरों में, गली में, मोहल्लों में पगडंडियों पर, चाय की दुकानों पर चर्चा हों। युवा, महिला, किसान, मजदूर, विद्यार्थी, अधिवक्ता, चिकित्सक, उद्यमी, व्यापारी सहित सभी वर्ग इस विषय पर चर्चा करें व एक देश एक चुनाव विषय से स्वयं को जोड़ें। यही ध्येय लेकर हमे लोगों के बीच पहुंचना है। एक देश एक चुनाव का एजेंडा भाजपा का एजेंडा नहीं है बल्कि देश का एजेंडा है।

To Write Comment Please Login