भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन 17 सितंबर से महात्मा गांधी जी की जयंती 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा के तहत सेवा कार्यों को करते हुए सेवा ही संगठन के पथ पर आगे बढ़ रही है


02-10-2024
Press Release

लखनऊ 02 अक्टूबर 2024। भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन 17 सितंबर से महात्मा गांधी जी की जयंती 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा के तहत सेवा कार्यों को करते हुए सेवा ही संगठन के पथ पर आगे बढ़ रही है ।

भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को डॉ. आर. बालासुब्रमण्यम की पुस्तक पावर विदिनः द लीडरशिप लिगेसी ऑफ नरेंद्र मोदी विषय पर संगोष्ठियां आयोजित कर संवाद किया। लखनऊ के लोक भवन में मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सिंह चौधरी तथा पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने संगोष्ठियों को संबोधित किया। साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री श्री सुनील बंसल ने नोएडा, श्री अरुण सिंह ने वाराणसी, उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज तथा कैबिनेट मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह ने अयोध्या में आयोजित संगोष्ठियों को संबोधित किया। भाजपा ने बुधवार को पूरे प्रदेश में स्वच्छता अभियान चलाया और महात्मा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री जी की प्रतिमाओं तथा चित्रों के साथ ही अन्य महापुरुषों को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। स्वच्छता अभियान में प्रदेश सरकार के मंत्री, प्रदेश, क्षेत्र, जिला, मंडल, बूथ के पदाधिकारी, सांसद, विधायक, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष सहित सभी जनप्रतिनिधि तथा आयोग, निगम, बोर्ड के अध्यक्ष व सदस्य पार्टी के कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय नागरिकों के साथ सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान के तहत पहुंचे और स्वच्छ भारत से समृद्ध भारत का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का व्यक्तिगत जीवन अनुशासन व सादगी से भरा है। सामान्य नागरिक, कार्यकर्ता के रूप में उन्होंने शून्य से यात्रा प्रारंभ की। अपनी कर्मठता, विचार परिवार से मिले अनुशासन, पारिवारिक संस्कारों के जरिए हर काम देश के नाम के लक्ष्य के साथ उन्होंने जीवन को आगे बढ़ाया तो दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के संवैधानिक प्रमुख (भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री) के रूप में हम सभी का नेतृत्व कर रहे हैं। डॉ. आर. बालासुब्रमण्यम की पुस्तक उनके विस्तृत स्वरूप का उल्लेख करती है। हर किसी को इस पुस्तक का हर किसी को अवलोकन करना चाहिए। मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने लोकभवन सभागार में आयोजित सेवा पखवाड़ा संगोष्ठी को संबोधित किया। श्री योगी ने आर बालासुब्रमण्यम द्वारा लिखित पुस्तक पॉवर विदिनः द लीडरशिप लीगेसी ऑफ नरेंद्र मोदी से जुड़े बिंदुओं पर चर्चा की। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जन्मदिवस पर उन्हें नमन करते हुए उनके कृतित्व व व्यक्तित्व पर भी प्रकाश डाला। इसके साथ ही प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सिंह चौधरी एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने भी संगोष्ठी को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री श्री योगी ने कहा कि डॉ. आर. बालासुब्रमण्यम द्वारा लिखित पुस्तक ‘पॉवर विदिनः द लीडरशिप लीगेसी ऑफ नरेंद्र मोदी‘ प्रधानमंत्री के संपूर्ण व्यक्तित्व को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करती है। यह केवल पुस्तक नहीं है, बल्कि शून्य से शिखर की यात्रा का नाम है, जिसे नया भारत न केवल देख रहा है, बल्कि उसके अनुसार जीवन भी जी रहा है। मोदी जी के सक्षम व विजनरी लीडरशिप में नए भारत का दर्शन हो रहा है। वे सेवा के संकल्प की जिस यात्रा को लेकर बढ़े हैं, उसे समृद्धि की नई ऊंचाई तक पहुंचाने और विकसित भारत की संकल्पना को आगे बढ़ाने के लिए किए गए प्रयासों के प्रतिफल को इस पुस्तक के माध्यम से देश-दुनिया के सामने रखने का प्रयास किया गया है।  

मुख्यमंत्री श्री योगी ने कहा कि कोई भी देश अचानक विकसित नहीं हुआ। उन सभी ने बड़े विजन व लक्ष्य के साथ काम किया। जब देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा था तो प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक विकसित भारत का रोडमैप दिया और इसके लिए पंच प्रण का रास्ता भी बताया। लक्ष्य देने के साथ ही रास्ता बताना विजनरी नेतृत्व का गुण होता है। दस वर्ष के कार्यकाल के दौरान मोदी जी ने मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, वोकल फॉर लोकल को धरातल पर उतारने का कार्य भी दिया। भारत को इंफ्रास्ट्रक्चर के रूप में समृद्ध किया। जहां कोई नहीं पहुंच पाया, वहां भारत का चंद्रयान पहुंचा है।

मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के समावेशी विकास व कल्याणकारी योजनाओं का हर किसी ने अनुभव किया। ‘सर्वे भवन्तु सुखिन, सर्वे सन्तु निरामया‘ भारत की ऋषि परंपरा की देन रही है तो वहीं 2014 में  मोदी जी ने सबका साथ, सबका विकास का मंत्र दिया। संकट आने पर नेतृत्वकर्ता का गुण होता है कि डटकर मुकाबला करने के लिए खुद को तैयार करे और जनता के उद्धार का मार्ग प्रशस्त कर सके। कोरोना के समय मोदी जी ने देखा कि श्रमिक वर्ग, कारीगर, हस्तशिल्पी के रोजगार पर बुरा असर पड़ा तो उन्होंने 80 करोड़ लोगों को फ्री में राशन की सुविधा दी। इसके साथ ही अनेक योजनाओं का लाभ दिया गया। इसमें चेहरा, जाति, भाषा, क्षेत्र देखे बिना सबका साथ, सबका विकास का समावेशी भाव था। इन योजनाओं ने भारत की छवि को ईज ऑफ लिविंग के बेहतरीन प्रयास करने वाले देश के रूप में प्रस्तुत किया।

मुख्यमंत्री श्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक तरफ कोरोना में उन्होंने ट्रेस, टेस्ट, ट्रीट, टीका फ्री में उपलब्ध कराया गया। जब रोजगार छिन गया तो गरीबों की हरसंभव मदद की। वहीं दूसरी तरफ पाकिस्तान ने दुस्साहस किया तो सर्जिकल स्ट्राइक व बालाकोट में एयर स्ट्राइक में भी पीछे नहीं हटे। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण सिर्फ कर्तव्य नहीं, बल्कि दिव्य जिम्मेदारी भी है। सिखों की आस्था से जुड़े करतारपुर कॉरिडोर का निर्माण हुआ तो बाल दिवस को गुरु गोविंद सिंह जी के चार-चार साहिबजादों की स्मृति के रूप में मान्यता दिलाकर मोदी जी ने एक भारत-श्रेष्ठ भारत की परंपरा को बढ़ाने का कार्य किया। योग ऋषि परंपरा का प्रसाद है। 21 जून पर विश्व योग दिवस के जरिए लगभग पौने दो सौ देश को योग परंपरा से जोड़ा। 2019 में प्रयागराज कुंभ को दिव्य-भव्य रूप से जुड़ने का अवसर मिला। यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर के रूप में मान्यता प्राप्त हो, यह भी श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रयास से संभव हुआ।

मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का प्रयास रहा कि भाजपा केवल सत्ता प्राप्त करने वाली पार्टी न बने। भारत यदि दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है तो भारत का वास्तविक प्रतिनिधित्व करने वाली भाजपा को सबसे बड़े लोकतंत्र के सबसे बड़ी पार्टी के रूप में गौरव प्राप्त हो, यह भी मोदी जी के विजनरी लीडरशिप में संभव हो पाया। यदि देश किसी आपदा या चुनौती से घिर गया हो तो ‘सेवा ही संगठन‘ के मूल मंत्र का ध्यान रखते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया, इस पर कोरोना के दौरान भाजपा के लाखों कार्यकर्ता जनता की सेवा में लग गए थे। कोविड प्रबंधन को सफलतापूर्वक बढ़ाने में भारत ने बेहतरीन मॉडल प्रस्तुत किया।

योगी जी  ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भाजपा ने कठिन क्षेत्रों में भी पहुंच बनाई। असम में जब भाजपा ने पहली बार सरकार बनाई तो आपके बीच से ही कार्यकर्ता डॉ. महेंद्र सिंह को प्रभारी के रूप में भेजा गया। त्रिपुरा में भाजपा सरकार बनी। मणिपुर, अरुणांचल, मेघालय व नागालैंड में भाजपा के सहयोग से सरकार चल रही है। इन क्षेत्रों में भाजपा व भारत के बारे में लोगों के मन में संशय था। उनमें अलगाववाद का भाव देखने को मिलता था, क्योंकि कांग्रेस व 2014 के पहले की सरकारों ने उन्हें आत्मीयता के साथ जोड़ने का प्रयास नहीं किया। वहीं मोदी जी ने लुक ईस्ट पॉलिसी के तहत नॉर्थ ईस्ट को जिस भाव से जोड़ा, उसकी बदौलत आज वह विकास की मुख्यधारा से जुड़ा है। उग्रवाद से मुक्त होकर भारत की एकता-अखंडता को मजबूती प्रदान किया है। यह लोग भी सांस्कृतिक व राजनीतिक रूप से जुड़कर गौरव की अनुभूति करते हैं। ओडिशा में भाजपा की सरकार है तो प. बंगाल में भाजपा प्रमुख विपक्षी दल है। वहां भाजपा मजबूती के साथ जनता की आवाज बनकर बढ़ी है। देश के बड़े क्षेत्र में भाजपा की राज्य सरकारें काम कर रही हैं। मोदी जी ने कहा था कि देश के हित में भाजपा की जीत आवश्यक है।

मुख्यमंत्री श्री योगी ने कहा कि एक समय था, जब दो ध्रुवीय वैश्विक व्यवस्था बन चुकी थी। एक का नेतृत्व अमेरिका व दूसरे का रूस (सोवियत संघ) करता था। धीरे-धीरे व्यवस्था एकतरफा होती गई, लेकिन आज वैश्विक व्यवस्था का ध्रुवीकरण भारत के बिना संभव नहीं है। भारत जो चाहेगा,  दुनिया में वही होगा। भारत में जी-20 समिट के सफलतापूर्वक कार्यक्रम भी हुए। अनेक कार्यक्रमों में उत्तर प्रदेश में जुड़ने का अवसर मिला। दिल्ली में कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने संवाद में कहा कि भारत जितना सफल कार्यक्रम कहीं नहीं हुआ। ब्रिक्स समिट और क्वाड जैसे मंचों पर मोदी जी की उपस्थिति ने दिखाया है कि दुनिया को एकजुट करना है।  

मुख्यमंत्री श्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री जनता-जनार्दन के साथ कनेक्ट हैं। बिना जनसहभागिता के कार्यक्रम नहीं होता है। उनका हर कार्यक्रम देश के नाम होता है और इसमें जनसहभागिता होती है। स्वच्छ भारत मिशन भी इसका उदाहरण है। मन की बात में प्रधानमंत्री ने आमजन से जुड़ी ज्वलंत समस्याओं को उठाया। अब पद्म पुरस्कार ऐसे तबके को मिल रहा है, जो विशिष्ट कार्य करने के बावजूद इससे अछूते थे। उन्होंने कहा कि यूपी में 2.62 करोड़ से अधिक परिवारों को शौचालय देकर नारी गरिमा का भी आह्वान किया गया है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि भाजपा एकमात्र राजनीतिक दल है, जो अपने राजनीतिक गतिविधियों के साथ सेवा कार्यों के माध्यम से जन सरोकार के कार्यों से जुड़ता है और हमारे सेवा के कार्य सेवा ही संगठन के हमारे संकल्प को मजबूती प्रदान करते हैं। भाजपा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन 17 सितंबर से महात्मा गांधी जी की जयंती 2 अक्टूबर तक सेवा के विभिन्न कार्यों के माध्यम से सेवा पखवाड़ा मनाया है। 17 सितंबर को स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिन कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य व श्री बृजेश पाठक तथा पार्टी के पदाधिकारी प्रदेश सरकार के मंत्रियों, सांसदों,  विधायकों  सहित सभी जनप्रतिनिधियों ने भाजपा कार्यकर्ताओं वह स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर स्वच्छता अभियान में सम्मिलित हुए। 18 व 19 सितंबर को रक्तदान शिविर, 23 सितंबर को निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविरो का आयोजन किया गया। प्रदेश के सभी 1918 मंडलों के स्कूल व अस्पतालों में विशेष स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए गए। 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती को प्रत्येक बूथ पर मनाया गया और सदस्यता अभियान को गति प्रदान की गई। प्रदेश में डिग्री कॉलेज एवं इंटर कॉलेज में वाद विवाद, भाषण, निबंध, चित्रकला सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने डॉ आर बालासुब्रमण्यम की पुस्तक पॉवर विदिनरू द लीडरशिप लिगेसी ऑफ नरेंद्र मोदी विषय पर संवाद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को उनके परिवार तथा संगठन से मिले संस्कारों ने उन्हें सफल व्यक्ति बनाया। मोदी जी के दूरदर्शिता सतत परिश्रम तथा अनुशासित जीवन से सतत कार्य करने की क्षमता प्राप्त हुई और विराट व्यक्तित्व का निर्माण हुआ। जो हम सभी को प्रेरणा देता है। यह पुस्तक न सिर्फ राजनीतिक क्षेत्र बल्कि प्रत्येक क्षेत्र में कार्य करने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए प्रेरक साबित होगी और अनुशासित जीवन जीने के लिए प्रेरित करेगी।

पूर्व उपमुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा ने कहा कि डा आर बालासुब्रमण्यम ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जीवन पर एक पुस्तक लिखी है जिसमें उन्होंने लिखा है कि श्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व में तमाम महान हस्तियों की  विशिष्टताओं का समावेश  मिलता है। पुस्तक की प्रस्तावना में लिखा गया है कि पहले के भारत में जुगनू रोशनी का प्रतीक था, सडके कच्ची थी जिनके पक्की होने की सूरत नजर नहीं आती थी और स्कूलों के बारे में सोचना भी व्यर्थ लगता था, पर 10 साल में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी  के नेतृत्व में भारत ऐसा बदला है कि आज पक्की सड़कों पर गावों में वाहन दौड़ रहे हैं। गांव गांव बिजली की रौशनी रात को दिन बना रही है और नए आधुनिक स्कूलों में भारत का भविष्य बनाया जा रहा है। गांव  में पक्के मकान में हर घर में चूल्हा और शौचालय व बिजली गांव और शहर के अंतर को मिटा रहे हैं।

पुस्तक में लिखा गया है कि कर्णावती के संघ कार्यालय में एक नौजवान भारत मां की मजबूती की संकल्पना  के साथ आखों में चमक एवं दिल में हौसला लिए लगातार कर्मठता से कार्य करता। वह जरूरत पडने पर पोछा भी लगाता तो आवश्यकता होने पर शाखा भी लगाता। यह स्टेशन पर चाय बेचने से भी गुरेज नहीं करता। यह व्यक्ति अपनी मेहनत लगन एवं कर्मठता के बूते धीरे धीरे जीवन में तमाम ऊंचाइयों को छूता है। पुस्तक में प्रधानमंत्री के जीवन का मार्मिक वर्णन किया गया है।

डा शर्मा ने बताया कि यूक्रेन युद्ध के दौरान भारत वापस लाए गए देशवासियों की घटना का वर्णन गर्व से भरने  और रोमांचित करने वाला है। ऐसा पहली बार हुआ कि भारत के प्रधानमंत्री के फोन पर युद्धरत देशों ने भारते के लोगों को सकुशल निकलने का रास्ता दिया।

उनका कहना था कि भाजपा के हर कार्यकर्ता को इस पुस्तक को पढ़ना चाहिए। यह पुस्तक उनके जीवन के विभिन्न पहलुओं से परिचित कराती है।
 संगोष्ठी का संचालन प्रदेश महामंत्री और सेवा पखवाड़ा के प्रदेश संयोजक संजय राय ने किया। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष श्री देवेश कुमार, भाजपा के लखनऊ महानगर अध्यक्ष श्री आनंद द्विवेदी जिला अध्यक्ष श्री सहित सहित प्रदेश सरकार के मंत्री सांसद विधायक पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता तथा स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

To Write Comment Please Login