गांव चलो-गली चलो-वार्ड चलो अभियान--श्री धर्मपाल सिंह


10-04-2025
Press Release

लखनऊ/बाराबंकी 10 अप्रैल 2025। भारतीय जनता पार्टी स्थापना दिवस अभियान के अन्तर्गत गांव चलो-गली चलो-वार्ड चलो अभियान को लेकर जन-जन के बीच पहुंचकर संवाद कर रही है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री धर्मपाल सिंह ने कहा है कि सुरक्षा के बेहतर वातावरण के साथ समाज के हर तबके की समृद्धि और खुशहाली ही भारतीय जनता पार्टी सरकार की गारंटी है। इस गारंटी को पूरा करने के लिए मोदी-योगी सरकार पूर्ण प्रतिबद्धता से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकार लोगों को सुरक्षा और सम्मान देने के साथ उन्हें स्वावलंबी भी बना रही है। प्रदेश महामंत्री (संगठन) ने उक्त बातें बाराबंकी के देवा मंडल के पीड़ गांव में गुरुवार को भाजपा के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित गांव चलो, गली चलो, वार्ड चलो अभियान के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित चौपाल में कहीं। उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि प्रदेश में 10 करोड़ लोगों को आयुष्मान कार्ड का कवच प्रदान किया गया है, जबकि 56 लाख से अधिक लोग प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी बने है।
श्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि जब अच्छी सरकार चुनी जाती है तो उसके परिणाम भी अच्छे ही आते हैं। इसके लिए पूर्व और वर्तमान सरकार के बीच तुलना करते हुए उन्होंने कहा कि यही उत्तर प्रदेश है जहां पूर्व में दंगे होते थे। गरीबों पर अत्याचार होते थे। योजनाओं का बंदरबांट होता था। आस्था को चोट पहुंचाई जाती थी। आपने अच्छी सरकार चुनी तो अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बन गया। प्रयागराज में महाकुंभ का ऐतिहासिक आयोजन भी संभव हो सका। गरीबों को  बिना भेदभाव के योजनाओं का लाभ भी मिल रहा है और सुरक्षा का बेहतर वातावरण भी देश व प्रदेश को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की साख दुनिया में बढ़ी है। गांव के गलियारों में कार्यकर्ताओं के परिश्रम के बूते भाजपा ने देश और प्रदेश की सत्ता हासिल की है। गांव चलो अभियान का उद्देश्य समझाते हुए हुए उन्होंने कहा इसके जरिए मोदी-योगी सरकार की योजनाओं की वास्तविकता को परखने का अवसर मिलता है। साथ ही मेरा बूथ सबसे मजबूत की परिकल्पना भी साकार होती है। उन्होंने ग्रामीणों से मोदी सरकार द्वारा डॉ आंबेडकर से जुड़े पंच तीर्थ निर्माण की चर्चा भी की।
इसके पूर्व गुरुवार की दोपहर श्री धर्मपाल सिंह पीड़ गांव स्थित मंदिर पहुंचे जहां स्वच्छता अभियान में शामिल हुए। बूथ संख्या 27 व 28 के घर-घर दस्तक दी। ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें केंद्र और प्रदेश सरकार से मिले लाभ की जानकारी हासिल की। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व देव नाथ मौर्य के स्मारक एवं डॉ आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके उन्हें नमन किया। बूथ कमेटी के साथ बैठक करके पार्टी के विभिन्न अभियानों की जानकारी साझा की।

To Write Comment Please Login