पहले चरण में हुए मतदान से ही तय हो गया है कि पार्टी को बड़ी जीत मिलने जा रही है : श्री ब्रजेश पाठक


by Shri Brajesh Pathak -
20-04-2024
Press Release

लखनऊ 20 अप्रैल 2024। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को शाहजहांपुर के कांट में भाजपा के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में कहा कि पहले चरण में हुए मतदान से ही तय हो गया है कि पार्टी को बड़ी जीत मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी व प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र व प्रदेश की सरकारों के गरीब कल्याण के कार्यों की सराहना पूरी दुनिया में हो रही है। प्रदेश की कानून व्यवस्था तो दुनिया के लिए मिसाल है।

उपमुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश से भाजपा के पक्ष में जो लहर चली है वह पूर्वांचल में पहुंचते पहुंचते सुनामी बन जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सभी 80 सीटें भाजपा जीतने जा रही है। उन्होंने कहा जनता ने मन बना लिया है। श्री नरेन्द्र मोदी का तीसरी बार प्रधानमंत्री बनना तय है। मोदी जी की तीसरी बार सरकार बनेगी तो देशहित के और भी बड़े निर्णय लिए जाएंगे। तीसरी बार मोदी जी की सरकार बनेगी तो जिन लोगों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल सका है उन्हें भी प्राथमिकता से योजनाओं का लाभ मिलेगा।

श्री पाठक ने कहा कि जितना ज्यादा मतदान होगा उतना ही भाजपा प्रत्याशी की जीत का अंतर बढ़ेगा। प्रत्येक बूथ अध्यक्ष को अपनी अपनी टीम के माध्यम से सरकार की योजनाओं के साथ संकल्प पत्र के बारे में जानकारी घर घर पहुंचाने की जिम्मेदारी दी। कहा कि शाहजहांपुर के हर घर में भाजपा के पक्ष में जीत की अपील पहुँच जानी चाहिए। अधिक से अधिक लोग मतदान के लिए आयें इसके लिए भी प्रयास करने होंगे।
 इस दौरान वित्तमंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना, भाजपा प्रत्याशी सांसद श्री अरुण सागर, ददरौल से उपचुनाव प्रत्याशी श्री अरविंद सिंह आदि मौजूद रहे।
 

To Write Comment Please Login