श्री नरेन्द्र कश्यप के नेतृत्व में हजारों की संख्या में लखनऊ में ओबीसी समाज के लोगों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ निकाला आक्रोश मार्च


21-09-2024
Press Release

ओबीसी समाज कांग्रेस को मिट्टी में मिलाने का काम करेगा-नरेन्द्र कश्यप।

गांधी परिवार की ओबीसी विरोधी मानसिकता पिछड़ा समाज देश में बर्दास्त नहीं करेगा-श्री नरेन्द्र कश्यप।

अमेरिका में दिया गया बयान देश के 85 प्रतिशत पिछड़े दलितों का अपमान-नरेन्द्र कश्यप।
 
लखनऊ 21 सितम्बर 2024। शनिवार को भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय लखनऊ से पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार श्री नरेन्द्र कश्यप के नेतृत्व में ओबीसी मोर्चा  के कार्यकर्ताओ ने आक्रोश मार्च निकालकर हजरतगंज चौराहे पर धरना प्रदर्शन कर राहुल गांधी का पुतला दहन किया। पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री कश्यप ने बताया कि राहुल गांधी के द्वारा अमेरिका में आरक्षण के विरोध में दिए गये बयान को लेकर देश भर के ओबीसी समाज में रोष व्याप्त है। उसी को लेकर ओबीसी मोर्चा, उत्तर प्रदेश के द्वारा प्रदेश के 17 महानगरों में विरोध प्रदर्शन किया गया। बडी संख्या ओबीसी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के सभी महानगरों में राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ओबीसी समाज के लोगों ने सड़कों पर उतरकर आक्रोश मार्च निकाला। सभी स्थानों पर धरना प्रदर्शन पुतला दहन भी किया गया। उसी क्रम में लखनऊ महानगर में हजारों की संख्या में ओबीसी समाज के लोगों ने श्री नरेन्द्र कश्यप के नेतृत्व में विशाल आक्रोश मार्च निकाला। हाथों में राहुल गांधी के विरोध में बयानों की तख्तियॉ लेकर बड़ी संख्या में राहुल गांधी मुर्दाबाद, आरक्षण हमारा अधिकार है जैसे नारे लगाते हुए भाजपा मुख्यालय से हजरतगंज चौराहे पर पहुंचकर हजारों कार्यकर्ता धरने पर बैठ गये एवं उसके उपरान्त राहुल गांधी का पुतला जलाकर रोष व्याप्त किया। कार्यकर्ताओं ने श्री नरेन्द्र कश्यप के साथ हजरतगंज चौराहे पर धरना प्रदर्शन किया।


कार्यकर्ताओ ने राहुल गांधी के पुतले के मुंह पर कालिख पोतकर  मुर्दाबाद के नारों के साथ दहन किया। धरने पर मौजूद कार्यकर्ताओं को श्री नरेन्द्र कश्यप ने सम्बोधित करते हुए बताया कि कांग्रेस अपने स्थापना काल से ही आरक्षण के विरोध में रही है। पूर्व प्रधानमंत्री श्री नेहरू द्वारा 1961 में मुखर होकर आरक्षण का विरोध किया गया था। इस परम्परा का पालन श्रीमती इन्दिरा गांधी द्वारा मण्डल कमीशन की रिपोर्ट दबाकर एवं राजीव गांधी द्वारा आरक्षण उम्मीदवारों को बुद्धू कहकर पिछड़ा वर्ग को अपमानित किया गया था। उस प्रथा को निभाने का कार्य राहुल गांधी द्वारा किया जा रहा है।


श्री नरेन्द्र कश्यप ने कहा कि 1953 में बने काका कालेकर कमीशन की रिपोर्ट जो 1955 में सौंपी गयी थी। उसे वर्षों तक नजरअंदाज किया गया। मण्डल आयोग का गठन 1978 में पूर्व प्रधानमंत्री, श्री मोरार जी देसाई द्वारा किया गया था। 1980 में रिपोर्ट सौंपी गयी थी परन्तु 1990 में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी द्वारा मण्डल आयोग की रिपोर्ट को रद्द कर दिया और ओबीसी समुदाय को आरक्षण दिए जाने का विरोध किया। कांग्रेस काल में 14 वर्षों तक इस रिपोर्ट की अनदेखी की गयी।


उन्होंने कहा कि संविधान की किताब हाथ में लेने से संविधान प्रेमी नहीं हो जाते। जब-जब कांग्रेस की सरकार रही, तब-तब संविधान का चीरहरण इनके द्वारा किया गया लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने तीसरी बार लगातार देश को पिछड़े समाज का प्रधानमंत्री दिया है। जो कार्य कांग्रेस पिछड़े-दलितों के लिए पिछले 70 वर्षों में नहीं कर पायी वे कार्य भारतीय जनता पार्टी की सरकार के दौरान हुए हैं।


भारतीय संविधान संशोधन- 2018 (102) क के अन्तर्गत ओबीसी कमीशन का गठन कर संवैधानिक दर्जा देकर कैबिनेट का दर्जा देना। नीट की परीक्षा में पिछडे़ व अति पिछड़ों को आरक्षण प्रदान करना। सैनिक एवं केन्द्रीय विद्यालयों में 27 प्रतिशत आरक्षण को लागू कराना। यह दर्शाता है कि भारतीय जनता पार्टी जो कहती है वह करती है। पिछड़े व अति पिछड़े के विकास के लिए भाजपा प्रतिबद्ध हैं।


उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार में 27 ओबीसी सांसदों को मंत्री पद से सुशोभित किया गया है, उ0 प्र0 सरकार में 22 ओबीसी समाज के नेताओं को मंत्रिमण्डल में शामिल किया गया है। भाजपा आरक्षण की सच्ची हितैषी है। आरक्षण का कोई भी पार्टी व व्यक्ति विरोध करेगा तो भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता मुखर होकर उस का जवाब देगा।


श्री नरेन्द्र कश्यप ने कहा कि आगामी 26 सितम्बर, 2024 को गाजियाबाद बॉर्डर से दिल्ली के लिए हजारों की संख्या में ओबीसी मोर्चा के कार्यकर्ता राहुल गांधी के दिल्ली आवास को घेरने का काम करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को दिल्ली कूच का आहवान किया।


कार्यक्रम में मुख्य रूप से एमएलसी व प्रदेश महामंत्री पिछड़ा वर्ग मोर्चा श्री रामचन्द्र प्रधान, प्रदेश महामंत्री पिछड़ा वर्ग मोर्चा श्री विनोद यादव, श्री रिषी चौरसिया, श्री नीरज गुप्ता, श्री विजय गुप्ता, श्री गणेश वर्मा आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

To Write Comment Please Login